HomeJharkhandसरायकेला: कांद्रा-सरायकेला मार्ग पर अवैध पार्किंग पर ट्रैफिक पुलिस सख्त, जगह-जगह लगेंगे...

सरायकेला: कांद्रा-सरायकेला मार्ग पर अवैध पार्किंग पर ट्रैफिक पुलिस सख्त, जगह-जगह लगेंगे ‘नो पार्किंग’ बोर्ड

सरायकेला: कांद्रा से सरायकेला मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की बढ़ती आवाजाही और सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग के कारण बढ़ रहे हादसों को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ट्रैफिक पुलिस ने सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।

यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार ने स्पष्ट किया है कि मुख्य सड़क पर बेतरतीब और अवैध पार्किंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी के अनुसार, कांद्रा से सरायकेला के बीच भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। इस मार्ग पर स्थित विभिन्न कंपनियों में माल लोडिंग और अनलोडिंग के लिए आने वाले कई वाहन चालक सड़क के किनारे ही वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे सड़क पर यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है।

पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर कांद्रा-सरायकेला मुख्य मार्ग पर अवैध पार्किंग को पूरी तरह प्रतिबंधित रखने की तैयारी की गई है। नियमों को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए मार्ग में जगह-जगह ‘नो पार्किंग’ बोर्ड लगाए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस की ओर से केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि वाहन चालकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है। पुलिस माइकिंग और अन्य माध्यमों से वाहन चालकों से सुरक्षित स्थानों पर पार्किंग करने की अपील कर रही है।

इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना वसूला जा रहा है।

यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments