पाकुड़। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) पाकुड़ की ओर से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष दीपक साहा ने किया। पाकुड़ कोर्ट के समीप आयोजित धरने में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं अनुग्राहित प्रसाद साह, अमृत पांडेय, शीलारानी हेम्ब्रम, मिथिलेश ठाकुर, सोहन मंडल, पंकज साह, रतन भगत और विश्वनाथ भगत ने पत्रकार अभिषेक भारती की तत्काल रिहाई की मांग की। नेताओं ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। साथ ही राज्य में पत्रकारों के खिलाफ कथित दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाई जानी चाहिए।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में सच लिखने और घटनाओं की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की स्वतंत्रता बेहद महत्वपूर्ण है और पत्रकारों को निष्पक्ष तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलना चाहिए।
जिला महामंत्री रूपेश भगत ने कहा कि सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक नाबालिग लड़की द्वारा यौन उत्पीड़न से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसी मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती को सिमडेगा पुलिस ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। उन्होंने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पत्रकार को तत्काल बिना शर्त रिहा किया जाना चाहिए।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गंभीर आरोपों से जुड़े मामले में निष्पक्ष कार्रवाई के बजाय पत्रकार की गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने कानून-व्यवस्था और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला और पत्रकार की रिहाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरना के दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष दीपक साहा ने भी पत्रकार की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए उनकी रिहाई की मांग की।
