HomeJharkhandटुंडी में 21 एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप,...

टुंडी में 21 एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप, ग्रामीणों ने DC से की शिकायत

टुंडी (धनबाद): धनबाद जिले के टुंडी अंचल की राजाभीटा पंचायत के कुकुरतोपा गांव में करीब 21 एकड़ गैरआबाद सरकारी जमीन पर कथित कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने धनबाद उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर कर्माटांड़ के कुछ लोगों पर सरकारी जमीन को अपने नाम दर्ज कराने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों के अनुसार कुकुरतोपा मौजा नंबर-145 की नया सर्वे खाता संख्या-02 के प्लॉट नंबर 5, 6 और 8, जिसकी कुल रकबा 2 एकड़ 33 डिसमिल है, वहीं वर्ष 1924 के पुराने खतियान में खाता संख्या-5, प्लॉट नंबर-01 की 21 एकड़ 5 डिसमिल जमीन ‘पुरातन पतित-जंगल झाड़ी’ के रूप में दर्ज है। ग्रामीणों का कहना है कि इस जमीन का इस्तेमाल लंबे समय से श्मशान घाट जाने के रास्ते और मवेशियों के चराने के लिए किया जाता रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कर्माटांड़ निवासी करमली मियां और उनके सहयोगियों ने कथित तौर पर सर्वे में गड़बड़ी कर सरकारी जमीन का खाता अपने नाम दर्ज करा लिया। हालांकि, इस दावे को लेकर ग्रामीणों ने जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (XIII), धनबाद की अदालत में वाद संख्या T.A. 17/2010 का हवाला देते हुए कहा है कि आरोपी पक्ष के बंदोबस्ती के दावे को अदालत पहले ही खारिज कर चुकी है।

ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की है कि पुराने खतियान और अदालत के आदेश के आधार पर कथित रूप से खोले गए नए खाते की जांच कर उसे रद्द किया जाए। साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और करीब 21 एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई है।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि इस भूखंड पर सरकारी काम कराने के लिए अंचल की ओर से आम सूचना जारी की गई थी, लेकिन कथित दबाव और विवाद के कारण काम आगे नहीं बढ़ सका।

अब ग्रामीणों की शिकायत के बाद धनबाद जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है, यह देखने वाली बात होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments