HomeJharkhandरांची नगर निगम ने लंबित मुकदमों के निपटारे के लिए बनाई रणनीति,...

रांची नगर निगम ने लंबित मुकदमों के निपटारे के लिए बनाई रणनीति, दो विशेष टीमें करेंगी मामलों की निगरानी

रांची। रांची नगर निगम में लंबित न्यायिक मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने विधि शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। शनिवार को आयोजित इस बैठक में उन्होंने लंबित मुकदमों, विभिन्न कानूनी प्रक्रियाओं और उनके निष्पादन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए विधि शाखा में दो अलग-अलग टीमें गठित करने का निर्देश दिया गया।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि पहली टीम सर्वोच्च न्यायालय और झारखंड उच्च न्यायालय से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी संभालेगी, जबकि दूसरी टीम सिविल न्यायालय में लंबित मामलों के निष्पादन पर काम करेगी। दोनों टीमों को अपने-अपने स्तर पर मामलों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि विधि शाखा को प्राप्त होने वाले सभी न्यायिक पत्रों और सूचनाओं का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखा जाना जरूरी है। इसके लिए दोनों टीमों के विधि सहायकों को प्रतिदिन ईमेल, डाक और अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाले पत्रों की रिसीविंग सुनिश्चित करने तथा उनका नियमित संधारण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण पत्र या न्यायिक सूचना की अनदेखी नहीं होनी चाहिए, ताकि समय पर जवाब दाखिल किया जा सके और कोई मामला अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।

नगर आयुक्त ने विशेष रूप से काउंटर एफिडेविट (जवाबी हलफनामा) से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी लंबित न्यायिक मामलों की सूची तैयार कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए। जिन मामलों में जवाब या अन्य विधिक प्रक्रिया पूरी की जानी है, उन्हें बिना अनावश्यक देरी के पूरा किया जाए।

उन्होंने विधि शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा न्यायालयों से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में सहायक नगर आयुक्त, विधि सहायक सहित विधि शाखा के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments