चतरा: वशिष्ट नगर जोरी थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1728 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने डाक-पार्सल पिकअप वाहन के गुप्त कंपार्टमेंट से Officer’s Choice कंपनी की 200 पेटी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर 4 अक्टूबर को जोरी थाना गेट के समीप गश्ती और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्थिति में सफेद रंग के डाक-पार्सल पिकअप वाहन JH10CD 8835 को रोककर तलाशी ली।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम विकाश कुमार उर्फ विकेश कुमार राय (27 वर्ष), पिता विजय राय, निवासी मढ़ौरा, थाना तरैया, जिला सारण (छपरा), बिहार बताया।
तलाशी के दौरान पिकअप वाहन के पीछे बनाए गए गुप्त कंपार्टमेंट से Officer’s Choice कंपनी की 200 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, प्रत्येक पेटी में 180 एमएल की 48 बोतलें थीं और बरामद शराब की कुल मात्रा 1728 लीटर है।
पुलिस ने शराब के अलावा आरोपी के पास से Redmi A5 स्मार्टफोन भी बरामद किया है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
इस मामले में वशिष्टनगर थाना कांड संख्या 135/2026, दिनांक 04.10.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 274/275/3(5) और 47(ए) उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी
कार्रवाई करने वाली टीम में सअनि रमापति कुम्हार, हवलदार रास बिहारी शुक्ला, आरक्षी देववंश कुमार, आरक्षी जितेन्द्र कुमार दास (IRB-03) और चालक आरक्षी मनोज कुमार सिन्हा शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

