HomeJharkhandबोकारो: जितिया व्रत के पारण के दिन 17 वर्षीय बेटे की मौत,...

बोकारो: जितिया व्रत के पारण के दिन 17 वर्षीय बेटे की मौत, चौथी मंजिल से गिरकर शिवांश ने तोड़ा दम

विस्तृत खबर

बोकारो। एक मां अपने बच्चे की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के लिए जितिया का 24 घंटे का निर्जला व्रत रखती है। लेकिन जिस दिन उसे व्रत का पारण करना था, उसी दिन उसके 17 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में मातम पसर गया। घटना चास थाना क्षेत्र के तेलीडीह स्थित देव मार्केट के पास की है, जहां चौथी मंजिल से गिरने के बाद 17 वर्षीय शिवांश उर्फ राहुल कुमार की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, शिवांश दसवीं कक्षा की परीक्षा की तैयारी कर रहा था और वर्ष 2027 में मैट्रिक की परीक्षा देने वाला था। मूल रूप से पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर निवासी उसका परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से बोकारो में रह रहा है। पिछले ढाई वर्षों से शिवांश अपनी मां के साथ चास के तेलीडीह स्थित देव मार्केट के पास किराए के मकान की चौथी मंजिल पर रह रहा था। उसके पिता युधिष्ठिर महतो मजदूरी के सिलसिले में हैदराबाद में रहते हैं।

परिजनों के मुताबिक, रविवार अहले सुबह शिवांश सोकर उठा और अपनी मां से घूमने जाने की बात कहकर घर से बाहर निकला। इसके बाद उसकी मां दोबारा सो गई। कुछ देर बाद परिवार को सूचना मिली कि शिवांश चौथी मंजिल से नीचे गिर गया है।

मृतक के मौसा प्रबल कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी ने फोन कर राहुल के छत से गिरने की जानकारी दी। पहले उन्हें लगा कि राहुल घायल हुआ होगा और अस्पताल में भर्ती कराया गया होगा, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद मकान मालिक ने उसकी मौत की जानकारी दी। परिजनों के मुताबिक, शिवांश शांत स्वभाव का था और उसका किसी से कोई विवाद नहीं था।

वहीं, पड़ोसी राजेश ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे जोरदार आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह अपनी पत्नी के साथ बाहर निकले। घर का गेट खोलने पर एक युवक को लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा देखा। इसके बाद मकान मालिक और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चास अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। एसएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पुलिस सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है।

चास थाना प्रभारी दिनेश सिंह के अनुसार, पुलिस को युवक के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले रात में उसने अपनी मां का मोबाइल जमीन पर फेंक दिया था। हालांकि, चौथी मंजिल से गिरने की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments