चान्हो: खेलारी-बिजूपाड़ा मार्ग पर चोड़ा डंगरा पतरा के समीप सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान ऋतविक उरांव के रूप में हुई है, जो संजय उरांव का इकलौता पुत्र था। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ऋतविक सुबह अपने घर के सामने सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान खेलारी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्चे के शव को सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक खेलारी-बिजूपाड़ा मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों ने बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई के साथ स्कूल और चोड़ा चौक के पास स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी टिंकू रजक और डीएसपी आरएन चौधरी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

