धनबाद: शहर के सबस व्यस्त इलाकों में शामिल बैंक मोड़ में ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक जवान पर राह चलती महिला को धक्का देने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने ट्रैफिक जवान को घेरकर जमकर विरोध किया।
बताया जा रहा है कि महिला सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान ट्रैफिक जवान के साथ किसी बात को लेकर स्थिति बनी और आरोप है कि जवान ने महिला को धक्का दे दिया। धक्का लगने के बाद महिला औंधे मुंह सड़क पर गिर गई, जिससे उसे चोट लग गई। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
महिला के सड़क पर गिरते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने ट्रैफिक जवान को घेर लिया और घटना का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान स्थानीय लोगों और जवान के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक भी हुई।
आक्रोशित लोगों का कहना था कि ट्रैफिक पुलिस का काम लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालना है। ऐसे में अगर ड्यूटी के दौरान आम लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार होगा तो लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
बाद में स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को इलाज के लिए पास के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। घटना को लेकर इलाके में काफी देर तक चर्चा होती रही।


