रांची। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन (JRUA) ने रांची और हटिया से विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की है।
एसोसिएशन ने रांची रेल मंडल के DRM को पत्र भेजकर 10 अक्टूबर से 10 दिसंबर 2026 के बीच विशेष ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव दिया है। पत्र में बताया गया है कि झारखंड के करीब 10–11 जिलों के यात्री लंबी दूरी की यात्रा के लिए रांची और हटिया पर निर्भर हैं। त्योहारों के दौरान मौजूदा ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से परेशानी होती है।
प्रस्ताव में हटिया-बेंगलुरु/होसुर, चार्लापल्ली-हटिया, हटिया-LTT, अजमेर-रांची, अहमदाबाद-हटिया, पुणे-हटिया, डॉ. अंबेडकर नगर-रांची, वास्को द गामा-हटिया, देहरादून-रांची और त्रिवेंद्रम नॉर्थ-हटिया के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की गई है।
इसके अलावा एसोसिएशन ने रांची-बनारस एक्सप्रेस और रांची-सासाराम एक्सप्रेस में भी त्योहारों के दौरान अतिरिक्त कोच बढ़ाने का सुझाव दिया है।
एसोसिएशन ने रेलवे प्रशासन से प्रस्ताव पर विचार कर इसे जोनल मुख्यालय और रेलवे बोर्ड को भेजने का आग्रह किया है। त्योहारों को देखते हुए देशभर में रेलवे द्वारा अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की घोषणा भी की जा रही है।


