HomeJharkhandझारखंड चैंबर चुनाव की तैयारियां पूरी, 13 सितंबर को मारवाड़ी भवन में...

झारखंड चैंबर चुनाव की तैयारियां पूरी, 13 सितंबर को मारवाड़ी भवन में होगा मतदान

रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। चैंबर का चुनाव 13 सितंबर 2026, रविवार को मारवाड़ी भव हरमू रोड, रांची में होगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। चुनाव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को मारवाड़ी भवन में चुनाव पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

चुनाव समिति के चेयरमैन अंचल किंगर ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। कंप्यूटर द्वारा जारी मतदाता क्रमांक और काउंटर नंबर मतदान से पहले ही सदस्यों को एसएमएस के माध्यम से भेजे जाएंगे। इससे मतदान के दिन वोटिंग स्लिप खोजने में परेशानी नहीं होगी। वोटिंग स्लिप के साथ फूड कूपन भी दिया जाएगा और मतदान के बाद सदस्य दिगंबर जैन भवन में भोजन की सुविधा ले सकेंगे।

मतदान क्षेत्र में कुल 40 कंप्यूटर लगाए जाएंगे। मतदान सॉफ्टवेयर में ऐसी व्यवस्था की गई है कि मतदाता 21 से कम या 21 से अधिक उम्मीदवारों का चयन नहीं कर सकेंगे। कंप्यूटर स्क्रीन पर उम्मीदवारों के नाम के साथ उनकी तस्वीर भी प्रदर्शित होगी, जिससे मतदाता आसानी से प्रत्याशियों की पहचान कर अपनी पसंद के उम्मीदवारों को वोट दे सकेंगे।

चुनाव समिति के को-चेयरमैन पवन शर्मा ने बताया कि मतदान स्थल पर मतदाता जांच के लिए लगाए गए कंप्यूटर के पास पर्यवेक्षकों की भी व्यवस्था रहेगी। मतदान के दौरान मोबाइल फोन से बातचीत या तस्वीर खींचना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित मतपत्र को अवैध घोषित किया जा सकता है।

इसके अलावा मतदान केंद्र पर प्रत्याशियों द्वारा किसी भी तरह का उपहार, पानी की बोतल या अन्य सामग्री बांटना प्रतिबंधित रहेगा। किसी शिकायत की स्थिति में उम्मीदवार चुनाव पदाधिकारियों के समक्ष लिखित आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। चैंबर या उससे जुड़े संगठनों के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा और संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

चुनाव समिति के अनुसार, प्रत्याशी 11 सितंबर की रात 12 बजे तक चुनाव प्रचार कर सकेंगे। इसके बाद सभी माध्यमों से चुनाव प्रचार पूरी तरह बंद हो जाएगा। मतदान स्थल पर प्रत्याशियों के लिए आईडी कार्ड पहनकर घूमना भी प्रतिबंधित रहेगा। आईडी कार्ड का इस्तेमाल केवल चुनाव पदाधिकारी और चुनाव प्रबंधन से जुड़े लोग करेंगे।

चुनाव समिति ने चैंबर के सदस्यों से मतदान स्थल तक पहुंचने के लिए यथासंभव दोपहिया वाहन या पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। साथ ही सभी प्रत्याशियों से चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन करने और शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग करने की अपील की गई है।

चुनाव पदाधिकारियों ने चैंबर के सभी सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments