चंदनकियारी:- चंदनकियारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बीते शाम बिजली गुल होने से अस्पताल में पूरी तरह ब्लैकआउट की स्थिति बन गई। बिजली नहीं रहने के कारण मरीजों के साथ-साथ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मामला उस समय सामने आया, जब चंदनकियारी बीजेपी मंडल अध्यक्ष कुलदीप माहथा किसी मरीज को लेकर सीएचसी पहुंचे। अस्पताल में अंधेरा देखकर उन्होंने व्यवस्था पर सवाल उठाए और राज्य सरकार तथा स्थानीय विधायक पर लापरवाही का आरोप लगाया।
कुलदीप माहथा ने आरोप लगाया कि चंदनकियारी के विधायक उमाकांत रजक के कार्यकाल में सीएचसी की व्यवस्था बदहाल हो गई है। उन्होंने कहा कि बिजली गुल होने के दौरान अस्पताल में मरीजों के लिए ऑक्सीजन व्यवस्था और फ्रिज में रखी जाने वाली दवाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता पैदा होती है।
उन्होंने दावा किया कि सीएचसी में सोलर लाइट और डीजी जनरेटर की व्यवस्था होने के बावजूद बिजली जाने पर अस्पताल में ब्लैकआउट की स्थिति बन रही है। उनका आरोप है कि इन वैकल्पिक बिजली व्यवस्थाओं का नियमित मेंटेनेंस नहीं किया जा रहा है।
बीजेपी मंडल अध्यक्ष ने अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक को व्यवस्था में जल्द सुधार करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बीजेपी की ओर से उग्र आंदोलन किया जाएगा।


