गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में नर्सिंग कॉलेज जा रही एक छात्रा के साथ छेड़खानी और जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना रंका थाना क्षेत्र के बरवाही जंगल के समीप की बताई जा रही है। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद छात्रा ने रंका थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा अपने घर से रंका स्थित नर्सिंग कॉलेज जाने के लिए निकली थी। घर से कुछ दूर पैदल चलने के बाद वह ऑटो पकड़ने जा रही थी। इसी दौरान बाइक से पहुंचे एक युवक ने उसके साथ कथित तौर पर छेड़खानी शुरू कर दी। छात्रा ने इसका विरोध किया और वहां से आगे बढ़ने की कोशिश की।
आरोप है कि युवक ने छात्रा का पीछा किया और उसका हाथ पकड़कर जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। इस दौरान उसके साथ गलत तरीके से छूने का भी आरोप लगाया गया है। छात्रा के शोर मचाने पर युवक मौके से फरार हो गया।
छात्रा ने अपनी शिकायत में आरोपी की पहचान मोख्तार अंसारी के रूप में की है, जो कटरा गांव का रहने वाला बताया गया है। घटना के बाद छात्रा के परिजनों ने भी पुलिस से शिकायत की है।
रंका थाना पुलिस ने छात्रा के लिखित आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और लगाए गए आरोपों का सत्यापन कर रही है।


