Home Jharkhand वियतनाम में सड़क हादसे में मृत योग शिक्षक राजा वर्मा का पार्थिव...

वियतनाम में सड़क हादसे में मृत योग शिक्षक राजा वर्मा का पार्थिव शरीर रांची पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

0
9

रांची: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के किशोरगंज निवासी योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके आवास पहुंचा। पार्थिव शरीर के पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं अंतिम दर्शन के लिए रिश्तेदारों, पड़ोसियों और परिचितों की भीड़ उनके आवास पर जुट गई।

राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। कुछ दिन पहले वियतनाम में हुए एक सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद उनका इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

कोलकाता एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से रांची लाया गया पार्थिव शरीर

राजा वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचा। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से रांची लाया गया। रांची स्थित उनके आवास पर पार्थिव शरीर पहुंचते ही परिवार के लोगों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

महुआ माजी ने परिजनों से की मुलाकात

राज्यसभा सदस्य महुआ माजी भी राजा कुमार वर्मा के आवास पहुंचीं। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर विदेश मंत्रालय और दूतावास से हुआ समन्वय

राजा वर्मा के पार्थिव शरीर को वियतनाम से भारत और फिर रांची लाने के लिए राज्य सरकार की ओर से पहल की गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया गया, जिसके बाद पार्थिव शरीर को रांची लाया जा सका।

परिजनों ने पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने के लिए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से भी मदद की गुहार लगाई थी।

आश्रित को मिलेगी 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

राज्य सरकार की ओर से मृतक के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम विभाग की ओर से इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है।

वियतनाम में योग प्रशिक्षक के तौर पर काम कर रहे राजा कुमार वर्मा की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर के बाद से ही उनके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। अब पार्थिव शरीर रांची पहुंचने के बाद परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here