चंदनकियारी। ESL वेदांता के खिलाफ 102 रैयत कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। कर्मचारी 29 सितंबर से RMHS गेट के पास कंपनी प्रबंधन के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलनरत कर्मचारियों के मुताबिक, शुरुआती तीन दिनों तक कंपनी प्रबंधन की ओर से वार्ता नहीं की गई। तीसरे दिन डुमरी विधायक जयराम महतो भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने ESL वेदांता के CO रविश शर्मा से 102 रैयत कर्मचारियों के साथ सकारात्मक वार्ता करने की बात कही।
इसके बावजूद चौथे दिन भी कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच वार्ता नहीं हो सकी। पांचवें दिन भूख हड़ताल पर बैठे रथु रजवार, हासिम साई और लक्ष्मण महतो की तबीयत बिगड़ने के बाद कंपनी अधिकारियों ने कर्मचारियों को वार्ता के लिए बुलाया। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रही।
आंदोलनरत रैयत कर्मचारियों ने स्थानीय विधायक और सांसद पर समर्थन नहीं देने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें स्थानीय रैयत कर्मचारियों और आम लोगों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे भूख हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे।
कर्मचारियों का आरोप है कि ESL वेदांता प्रबंधन ने उन्हें ऑफर लेटर के माध्यम से नियुक्त किया था। करीब दो वर्षों तक उन्हें अन्य रैयत कर्मचारियों की तरह कंपनी की सुविधाएं भी मिलती रहीं। बाद में बिना पूर्व सूचना के 102 कर्मचारियों को कर्मचारी के दर्जे से हटाकर ठेकेदार के अधीन कर दिया गया। साथ ही उनका पंच लोकेशन भी बदल दिया गया।
बताया गया कि कर्मचारियों ने पूर्व में चास अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर आंदोलन की चेतावनी दी थी। अब पांचवें दिन भी वार्ता विफल रहने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।

