पलामू: चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द में करमा पूजा विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में लापता पांचवें बच्चे हेमंत कुमार का शव भी बरामद कर लिया गया है। बुधवार को करम डाल के विसर्जन के दौरान कोयल नदी में पांच लड़के डूब गए थे। हादसे के बाद चार बच्चों के शव घटनास्थल के आसपास से बरामद कर लिए गए थे, जबकि हेमंत कुमार की तलाश लगातार जारी थी।
पलामू जिला प्रशासन ने हेमंत की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को लगाया था। गुरुवार से एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम कोयल नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। शुक्रवार को करीब 48 घंटे बाद हेमंत कुमार का शव गढ़वा के बेलचंपा इलाके में नदी की धार से बरामद किया गया।
शव मिलने की सूचना के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे। सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने शव बरामद होने की पुष्टि की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हादसे के साथ ही करमा पूजा विसर्जन के दौरान जान गंवाने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक आपस में दोस्त थे और एक ही गांव तथा मोहल्ले के रहने वाले थे।
बताया गया कि करम डाल के विसर्जन के दौरान एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में पांचों बच्चे नदी में डूब गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। एक पर्व की खुशी देखते ही देखते पांच परिवारों के लिए गहरे दुख में बदल गई।


