गुमला: सदर अस्पताल के मरीज वार्ड संख्या 223 में मोबाइल चोरी की लगातार घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है। महज दो दिनों के भीतर अलग-अलग घटनाओं में दो मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। दोनों पीड़ितों ने गुमला थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
टोटो निवासी प्रदीप उरांव ने बताया कि 19 सितंबर को बेटे की तबीयत खराब होने के बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। मंगलवार रात सभी के सोने के दौरान अज्ञात चोर वार्ड से करीब 13 हजार रुपये कीमत का मोबाइल लेकर फरार हो गया।
वहीं, हलमाटी करमटोली निवासी करिश्मा उरांव की मां फगईन देवी का अस्पताल में इलाज चल रहा था। गुरुवार को वार्ड से करिश्मा का मोबाइल चोरी हो गया। घटना के बाद उन्होंने शाम को गुमला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
सदर अस्पताल के मरीज वार्ड में लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।



