झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन चुनाव आज, 2,889 वकील डालेंगे वोट; 92 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
रांची: झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के वर्ष 2026-2028 के चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव में कुल 92 प्रत्याशी अलग-अलग पदों के लिए मैदान में हैं, जबकि 2,889 अधिवक्ता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान 21 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 22 अगस्त को होगी।
चुनाव समिति ने मतदान को लेकर कई जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतदान के लिए आने वाले अधिवक्ताओं को एडवोकेट्स एसोसिएशन या झारखंड स्टेट बार काउंसिल का वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
दो मतदान हॉल में होगी वोटिंग
मतदान के लिए हाईकोर्ट परिसर के दो हॉल निर्धारित किए गए हैं। दोनों हॉल में करीब 1,500-1,500 मतदाताओं की क्षमता के अनुसार बैलेट बॉक्स की व्यवस्था की गई है। मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए करीब 40 टेबल लगाए जाएंगे।
सेंट्रल लॉबी में मतपत्र वितरण के लिए छह टेबल की व्यवस्था की गई है। चुनाव समिति के मुताबिक, मतदाताओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए लगभग 1,500 मतदाताओं पर एक टेबल की व्यवस्था की गई है।
16 CCTV कैमरों से होगी निगरानी
चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाईकोर्ट परिसर में 16 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के जरिए सेंट्रल लॉबी और दोनों मतदान हॉल की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। कैमरों का डिस्प्ले भी संबंधित स्थानों पर लगाया गया है।
मतदान खत्म होने के बाद 22 अगस्त को मतगणना की जाएगी। मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की भी तैयारी है। इसके लिए चुनाव समिति ने विधानसभा से 10 कर्मचारियों की मांग की है।
सुरक्षा व्यवस्था भी रहेगी सख्त
चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चुनाव समिति ने रांची के एसएसपी और हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को पत्र भेजा है। मतदान और मतगणना के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की उम्मीद है।
इन पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में
अध्यक्ष पद: अजीत कुमार, महेश तिवारी, मनोज टंडन, आरएसपी सिन्हा और ऋतु कुमार चुनाव मैदान में हैं।
उपाध्यक्ष पद: अमरेश कुमार, धीरज कुमार, जय शंकर तिवारी, नवीन कुमार सिंह, प्राण प्रणय, राहुल कुमार गुप्ता और संजीव ठाकुर उम्मीदवार हैं।
महासचिव पद: अमित सिन्हा, बिनोद सिंह, मयंक कुमार, नवीन कुमार और संतोष कुमार सोनी के बीच मुकाबला है।
कोषाध्यक्ष पद: नलिनी झा, श्रेष्ठ मेहता और विपुल दिव्या उम्मीदवार हैं।
सहायक कोषाध्यक्ष पद: आकाश दीप, अंजनी कुमार, कौशल किशोर मिश्रा, मो. फैयाज आलम, नमिता सहाय, प्रेम मार्डी, रमेश कुमार और वीर विजय प्रधान मैदान में हैं।
सचिव (प्रशासन) पद: अमृत राज किस्कू, अरुण कुमार दुबे, आशीष वर्मा, धर्मेंद्र कुमार मालत्यिार, कविता सिंह, मोती गोप, सुमित प्रकाश और विकास कुमार चुनाव लड़ रहे हैं।
कुल मिलाकर हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन का यह चुनाव काफी अहम माना जा रहा है। 2,889 मतदाताओं के वोट से 92 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत तय होगी। अब सभी की नजरें मतदान प्रतिशत और 22 अगस्त को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।


