गुमला: गुमला-लोहरदगा रोड स्थित उरांव हॉस्टल के पास मंगलवार की देर शाम करीब 7:30 बजे स्कूटी और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार चंदाली निवासी भीम बैगा की हादसे में मौत हो गई। वहीं स्कूटी पर सवार सोसो कदम टोली निवासी वरदान मिंज और खपिया निवासी संजीव उरांव गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बाइक पर सवार 30 वर्षीय अनिल कुमार, 29 वर्षीय अनुज साहू और 25 वर्षीय राम प्रकाश महतो भी हादसे में घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार टोटो की ओर जा रहे थे, जबकि बाइक सवार टोटो से गुमला की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान उरांव हॉस्टल के पास दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गुमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने भीम बैगा को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल संजीव उरांव और वरदान मिंज को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


