रांची: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर आज, 30 सितंबर को झारखंड बंद बुलाया गया है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बंद समर्थक सड़कों पर उतरकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं। बंद का आह्वान झारखंड आंदोलनकारियों की वर्षों से लंबित मांगों को लेकर किया गया है।
मोर्चा का कहना है कि झारखंड राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी आंदोलनकारियों से जुड़े कई वादे और मांगें पूरी नहीं हुई हैं। बंद से पहले 29 सितंबर को रांची समेत कई इलाकों में मशाल जुलूस भी निकाला गया था।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में जेल जाने की बाध्यता समाप्त करना, सभी झारखंड आंदोलनकारियों को 50-50 हजार रुपये सम्मान पेंशन देना, उनके बच्चों और आश्रितों को नौकरी में सीधी नियुक्ति का अधिकार देना, 26 प्रतिशत रॉयल्टी का अधिकार तथा जल-जंगल-जमीन की रक्षा शामिल है।
मोर्चा की ओर से कहा गया है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है, तो 15 नवंबर को रांची में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
राजधानी रांची में बंद को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।


