HomeJharkhand6-7 महीने से पेंशन का इंतजार, दवा-राशन के लिए परेशान बुजुर्ग; मुखिया...

6-7 महीने से पेंशन का इंतजार, दवा-राशन के लिए परेशान बुजुर्ग; मुखिया से लगाई गुहार

बेरमो:– उम्र के उस पड़ाव पर जब बुजुर्गों को सहारे और नियमित आर्थिक मदद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, पेटरवार प्रखंड की पिछरी उत्तरी पंचायत के दर्जनों पेंशन लाभुक पिछले छह-सात महीनों से अपनी पेंशन का इंतजार कर रहे हैं। पेंशन की राशि नहीं मिलने से बुजुर्गों के सामने दवा, राशन और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में परेशानी खड़ी हो गई है।

पेंशन भुगतान की समस्या से परेशान लाभुक पंचायत की मुखिया कल्पना देवी के पास पहुंचे और अपनी समस्याएं बताईं। बुजुर्गों ने बताया कि किसी को दवाइयों के लिए परेशानी हो रही है तो किसी के सामने राशन का संकट है। कई लाभुकों का कहना है कि महीनों से पेंशन नहीं मिलने के कारण उन्हें दूसरों से आर्थिक मदद मांगनी पड़ रही है।

लाभुकों के अनुसार, पेंशन भुगतान को लेकर जानकारी लेने पर राज्य स्तर पर तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि के कारण राशि नहीं मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि, लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण लाभुकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।

पंचायत की मुखिया कल्पना देवी ने कहा कि बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग लाभुकों के लिए पेंशन महत्वपूर्ण सहारा है। छह-सात महीने तक पेंशन का भुगतान नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले का जल्द समाधान करने और सभी लाभुकों की लंबित पेंशन राशि का भुगतान कराने की मांग की है।

फिलहाल पेंशन लाभुकों को अपनी राशि मिलने का इंतजार है। बुजुर्गों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द उनकी समस्या का समाधान करेगा और उनके खाते में लंबित पेंशन की राशि पहुंच सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments