देवघर। जसीडीह थाना क्षेत्र के अंधारी गादर लाखजोड़ा गांव में सोमवार सुबह मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गड्ढे को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान भुजली से हमला किए जाने का आरोप है, जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर जसीडीह सीएचसी से 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जसीडीह थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस विवाद की वजह, मारपीट में शामिल लोगों और भुजली से हमला किए जाने के आरोप की जांच कर रही है।
फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह और घटना के पीछे की पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

