चतरा। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में करीब 11 दिन पहले सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए युवक सोमर भारती की पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को युवक की मौत की खबर प्रतापपुर पहुंचते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। आक्रोशित लोगों ने महावीर चौक के समीप सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, करीब 11 दिन पहले प्रतापपुर थाना क्षेत्र के कुबड़ी लिप्ता के समीप सड़क पर गिट्टी गिराकर छोड़ दी गई थी। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे सोमर भारती की बाइक सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण असंतुलित हो गई और वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर गिट्टी छोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की जांच की मांग की। परिजनों का आरोप है कि सड़क पर गिट्टी को बिना हटाए छोड़ दिया गया था, जिसके कारण बाइक का संतुलन बिगड़ा और यह हादसा हुआ। घटना के बाद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से भी परिजनों में नाराजगी थी।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया जा रहा था।
फिलहाल महावीर चौक पर सड़क जाम के कारण लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति को सामान्य करने में जुटी हुई थी।

