बाघमारा:– धनबाद के बाघमारा क्षेत्र में तालाब में डूबी 12 वर्षीय बच्ची का करीब 20 घंटे बाद शव बरामद किया गया। घटना रामकनाली ओपी क्षेत्र के झिंझिपहाड़ी बस्ती में बुढ़ा बाबा मंदिर के समीप हुई।
जानकारी के अनुसार, झिंझिपहाड़ी निवासी लालमोहन कर्मकार की 12 वर्षीय बेटी शीतल कुमारी बुधवार शाम तालाब में नहाने के दौरान डूब गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और तेतुलमारी से पहुंचे अनुभवी गोताखोरों ने देर शाम तक तालाब में बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
इसके बाद बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो की पहल पर डीसी के निर्देशानुसार भटिंडा फॉल की रेस्क्यू टीम गुरुवार को घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर तालाब से बच्ची का शव बाहर निकाला।
शव बरामद होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। रामकनाली ओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि गणेश महतो ने बताया कि मृतका के परिवार को आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली सहायता राशि का भुगतान कराने का प्रयास किया जाएगा।


