HomeCrimeजमशेदपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 17.274 किलो गांजा बरामद; 22...

जमशेदपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 17.274 किलो गांजा बरामद; 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 किलो 274 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये है। मामले में पुलिस ने गांजा लेकर जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक एप्पल आईफोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक को आरपीएफ टाटानगर के सहयोग से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक बैग और सूटकेस लेकर जुगसलाई के घोड़ा चौक की ओर जा रहा है। सूचना के बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घोड़ा चौक के पास संदिग्ध युवक को काले रंग के सूटकेस और फिरोजी रंग के पिट्ठू बैग के साथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान सूटकेस से भूरे रंग के प्लास्टिक में लिपटे 14 पैकेट गांजा बरामद किए गए। वहीं पिट्ठू बैग से भी गांजे के 3 पैकेट मिले।

पुलिस के मुताबिक, सभी 17 पैकेटों का कुल वजन 17 किलो 274 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजे के अलावा सूटकेस, पिट्ठू बैग और एक नीले रंग का एप्पल आईफोन भी जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय मनीष यादव के रूप में हुई है। वह बिहार के भोजपुर जिले के आरा थाना क्षेत्र के ग्राम बारा का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments