जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र के वर्कर्स फ्लैट में बुधवार को गैस कनेक्शन लगाने के दौरान अचानक आग भड़क गई। हादसे में काम कर रहे दो मजदूर झुलस गए। घटना के बाद दोनों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें से एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान कपाली निवासी गुलाम कादिर और सत्तार अंसारी के रूप में हुई है। दोनों वर्कर्स फ्लैट के एक आवास में गैस पाइप कनेक्शन लगाने का काम कर रहे थे।
घायल सत्तार अंसारी के मुताबिक, कनेक्शन लगाने के लिए दीवार में ड्रिल मशीन से छेद किया जा रहा था। इसी दौरान ड्रिलिंग से निकली चिंगारी गैस पाइप से हो रहे रिसाव के संपर्क में आ गई। इसके बाद अचानक आग भड़क उठी और दोनों मजदूर उसकी चपेट में आकर झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। एमजीएम अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में दोनों का इलाज चल रहा है।



