बेड़ो:- बेड़ो स्थित विधायक कार्यालय में कांग्रेस पार्टी की ओर से बेड़ो मेन रोड और एनएच-43 को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रो. करमा उरांव ने बेड़ो शहरी क्षेत्र की जर्जर सड़क को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि पलमा से गुमला तक एनएच-43 का उद्घाटन केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने रांची में किया था, लेकिन बेड़ो के जरिया ब्रिज से थाना होते हुए बारीडीह ब्रिज तक की सड़क को नजरअंदाज किया गया। इसी वजह से सड़क की स्थिति आज बेहद खराब है।
प्रो. करमा उरांव ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति की जानकारी मिलने के बाद करीब चार माह पहले कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने तत्काल संज्ञान लिया। विभागीय अधिकारियों को भेजकर सड़क का प्राक्कलन तैयार कराया गया और करीब 1.50 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। विभाग ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। टेंडर पूरा होते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की बात कही गई।
वहीं, उपप्रमुख सह मंत्री प्रतिनिधि मुदस्सिर हक ने कहा कि लोगों को तत्काल राहत देने के लिए एक-दो दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में देवनिस तिग्गा, नवल किशोर सिंह, मो. फहीमुल हक, रशीद मीर, शंभू बैठा और समसाद आलम समेत कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।


