रांची: रांची में ट्रिपल आईटी के प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य की हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या के बाद छात्रों में आक्रोश है। घटना के बाद से ही छात्र हॉस्टल परिसर में धरने पर बैठे हैं। पूरा मामला खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित खेलगांव कॉम्प्लेक्स का है।
जानकारी के अनुसार, देर रात हॉस्टल के कमरे में छात्र आदित्य ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
छात्र की मौत के बाद हॉस्टल में रहने वाले अन्य विद्यार्थियों ने प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह घटना हुई। उनका कहना है कि परिसर में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का अभाव था। न तो ऑक्सीजन की व्यवस्था थी और न ही पर्याप्त लाइफ सपोर्ट सुविधाएं उपलब्ध थीं। छात्रों का मानना है कि समय पर जरूरी चिकित्सा सहायता मिलती तो छात्र की जान बच सकती थी।
इन्हीं मांगों और आरोपों को लेकर छात्र बीती रात से ही हॉस्टल परिसर में धरने पर बैठे हैं। प्रबंधन और छात्रों के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई समाधान नहीं निकल पाया था।
फिलहाल, छात्र की आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में आगे की जानकारी और जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।

