HomeJharkhandमनईटांड़ में दो ट्रकों की ओवरटेकिंग में पान विक्रेता की मौत, मुआवजे...

मनईटांड़ में दो ट्रकों की ओवरटेकिंग में पान विक्रेता की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ में मंगलवार की रात दो ट्रकों के बीच ओवरटेकिंग के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। इस दौरान साइकिल सवार पान विक्रेता सुरेश चौरसिया एक ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुरेश दुहाटांड़ का रहने वाला था।

जानकारी के अनुसार, सुरेश मंगलवार रात साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान एफसीआई गोदाम की ओर से कई ट्रक मनईटांड़ होते हुए जोड़ाफाटक रोड की तरफ जा रहे थे। इसी क्रम में दो ट्रक एक-दूसरे को ओवरटेक करने लगे। तभी साइकिल सवार सुरेश एक ट्रक की चपेट में आ गया।

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और देर रात तक शव के साथ घटनास्थल पर डटे रहे। इस दौरान कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की गई और तीन-चार ट्रकों के शीशे भी तोड़े गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में लिया।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस सड़क पर ट्रक चालकों की मनमानी के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। सामाजिक कार्यकर्ता भृगुनाथ भगत ने भी ट्रकों की आवाजाही को लेकर सवाल उठाए।

मृतक के परिजनों के लिए स्थानीय लोगों ने 25 लाख रुपये मुआवजा, एक आश्रित को नौकरी देने और एफसीआई गोदाम की ओर से ट्रकों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। मुआवजा और नियोजन का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने सड़क जाम हटा लिया। इसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हो सका।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments