सरायकेला-खरसावां: राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बाल विकास परियोजना कार्यालय, आदित्यपुर के तत्वावधान में गम्हरिया प्रखंड स्तर पर एक दिवसीय विशेष व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना रहा।
सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में परियोजना क्षेत्र की विभिन्न आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सेविकाओं ने आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध पोषाहार सामग्री का उपयोग कर पारंपरिक, स्वादिष्ट और पोषण से भरपूर व्यंजन तैयार किए और उनकी प्रदर्शनी लगाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गम्हरिया के अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार शामिल हुए। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि पोषण माह के आयोजन का उद्देश्य धात्री माताओं और बच्चों के लिए संतुलित आहार के महत्व को समझाना है। उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं से अपने-अपने क्षेत्र में माताओं को संतुलित खानपान के लिए लगातार जागरूक करने की अपील की।
वहीं, आदित्यपुर सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध पोषाहार सामग्री से ही पोषणयुक्त व्यंजन तैयार कर प्रदर्शनी लगाई गई। इसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और किशोरियों को गर्भावस्था तथा शिशु देखभाल के दौरान सही पोषण के महत्व से जोड़ना है।
बालीगुमा आंगनबाड़ी केंद्र प्रथम
प्रतियोगिता में बेहतर पोषण मानक और प्रस्तुति के आधार पर बालीगुमा आंगनबाड़ी केंद्र को प्रथम पुरस्कार दिया गया। वहीं द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली सेविकाओं को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला पर्यवेक्षिका माया महतो सहित बाल विकास परियोजना कार्यालय के कई कर्मी मौजूद रहे।


