जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव में दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चे खेलते-खेलते चिरकुटोला स्थित तालाब की ओर चले गए थे। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि गांव के तीन बच्चे एक साथ खेल रहे थे। इसी दौरान वे घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित तालाब की ओर चले गए। कुछ देर बाद बच्चों के तालाब में डूबने की जानकारी ग्रामीणों को मिली। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को तालाब से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान 5 वर्षीय आर्यन अंसारी, पिता जसीमुद्दीन अंसारी, 6 वर्षीय नासिर अंसारी, पिता तबारक अंसारी और 6 वर्षीय अमर सोहेल, पिता सजाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, बीडीओ अबीश्वर मुर्मू और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
घटना को लेकर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में तीनों बच्चों का दुनिया से चले जाना बेहद मर्माहत करने वाली घटना है। उन्होंने ईश्वर से बच्चों के माता-पिता और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।


