कोडरमा: जिले के सतगावां प्रखंड में शिक्षा व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई है। राज्य संपोषित +2 उच्च विद्यालय बासोडीह में करीब 2900 छात्रों के लिए महज 8 शिक्षक हैं। शिक्षकों की कमी से नाराज सैकड़ों छात्र बुधवार को कक्षा छोड़कर सड़क पर उतर आए और करीब 3 किलोमीटर पैदल चलकर सतगावां प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। छात्रों ने यहां धरना देते हुए शिक्षकों की नियुक्ति समेत कई मांगें रखीं।
बताया गया कि विद्यालय में कक्षा 9वीं से 12वीं तक साइंस और आर्ट्स की पढ़ाई होती है। स्कूल में करीब 2900 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जबकि उन्हें पढ़ाने के लिए सिर्फ 8 शिक्षक हैं। इस हिसाब से एक शिक्षक पर करीब 375 छात्रों की जिम्मेदारी है। छात्रों का कहना है कि कई विषयों के शिक्षक विद्यालय में नहीं हैं। इसके अलावा लैब बंद है और लाइब्रेरी में भी पर्याप्त किताबें उपलब्ध नहीं हैं।
छात्रों ने स्कूल तक पहुंचने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि बरसात के दौरान सड़क कीचड़ से भर जाती है, जिससे स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जताई। छात्रों का कहना है कि चुनाव के दौरान वोट मांगने के लिए जनप्रतिनिधि आते हैं, लेकिन स्कूल की समस्याओं को लेकर नियमित रूप से कोई पहल नहीं की जाती।
इधर, छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद प्रखंड प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि शिक्षकों की कमी समेत उनकी अन्य मांगों को जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और उपायुक्त तक पहुंचाया जाएगा।
छात्रों का कहना है कि पर्याप्त शिक्षक और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होने के बाद ही स्कूल में पढ़ाई का माहौल बेहतर हो सकेगा।


