हजारीबाग:- जिले में विधि-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के जिलादेश संख्या 1410/26 के तहत जिले में तैनात 207 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है।
तबादले के बाद इन अधिकारियों को जिले के अलग-अलग थाना, ओपी, पुलिस केंद्र और अन्य पुलिस इकाइयों में नई जिम्मेदारी दी गई है। आदेश के अनुसार सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को दो दिनों के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
जारी तबादला सूची में बड़कागांव, बरही, कटकमदाग, कटकमसांडी, चौपारण, इचाक, केरेडारी, विष्णुगढ़, मुफस्सिल, दारू, गिद्दी, चरही और उरीमारी समेत कई थाना क्षेत्रों में अधिकारियों की नई पोस्टिंग की गई है।
बताया गया है कि स्थानांतरण सूची में पुअनि (पुलिस अवर निरीक्षक) और सअनि (सहायक अवर निरीक्षक) स्तर के कुल 207 पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। पुलिस विभाग के इस बड़े फेरबदल के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों की नई तैनाती प्रभावी होगी।


