रांची: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र के बूटी मोड़ स्थित टंगराटोली में अपराधियों ने देवघर में पदस्थापित एक दरोगा के घर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने घर में अकेली मौजूद दरोगा की बेटी को बंधक बनाकर करीब 30 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बाजार गई थी मां, घर में अकेली थी बेटी
जानकारी के अनुसार, घटना के समय दरोगा की पत्नी किसी काम से बाजार गई हुई थीं। घर में उनकी बेटी अकेली थी। इसी दौरान अपराधी घर में दाखिल हो गए। युवती को डराने-धमकाने के बाद उसे एक कमरे में बंधक बना दिया गया, ताकि वह शोर न मचा सके और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी न हो।
इसके बाद अपराधियों ने घर की अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे करीब 30 लाख रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के कीमती जेवरात निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जमीन खरीदने के लिए जुटाए गए थे 30 लाख रुपये
पीड़ित परिवार ने घटना को लेकर सदर थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत के मुताबिक, अलमारी में रखी बड़ी रकम दरोगा और उनके भाइयों ने जमीन खरीदने के लिए संयुक्त रूप से जमा की थी। परिवार जमीन की खरीदारी की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही अपराधियों ने घर में घुसकर लाखों रुपये और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घर में अपराधियों के प्रवेश और उनके भागने के रास्ते की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।


