रांची: रांची नगर निगम ने करीब 25 वर्षों से लंबित पारिवारिक पेंशन के 118 मामलों का निष्पादन किया है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शुक्रवार को पेंशन शाखा और स्थापना शाखा के संयुक्त प्रयासों से इन मामलों का समाधान कराया। निगम के अनुसार, पारिवारिक पेंशन के लिए कुल 133 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 118 आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन किया गया। वहीं, आवश्यक दस्तावेजों की कमी और अन्य कारणों से 15 आवेदन अस्वीकृत किए गए।
नगर आयुक्त ने बताया कि निगम के पेंशनधारियों को मासिक पेंशन का भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है। लंबे समय से लंबित मामलों के निपटारे के लिए वर्षों पुरानी संचिकाओं का गहन अवलोकन किया गया और अभिलेखों की विस्तृत जांच की गई।
लाभुकों से संपर्क कर जुटाए गए जरूरी दस्तावेज
लंबित मामलों के समाधान के लिए संबंधित लाभुकों और उनके परिजनों से व्यक्तिगत संपर्क किया गया। प्रेस विज्ञप्तियों के माध्यम से भी उन्हें जानकारी दी गई और आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए गए। इसके बाद आवेदनों और दस्तावेजों का सत्यापन कर उनकी मैपिंग की गई।
नगर आयुक्त ने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान लगातार समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। पेंशन शाखा और स्थापना शाखा के बीच बेहतर समन्वय से वर्षों से लंबित मामलों का निपटारा संभव हो सका।
पात्र लाभुकों को पेंशन से वंचित नहीं रहने देने का निर्देश
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने करीब 25 साल से लंबित मामलों के निष्पादन को रांची नगर निगम की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि कोई पात्र लाभुक अब भी पेंशन के लाभ से वंचित है तो उसका आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की जाए और समयबद्ध तरीके से पेंशन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पेंशन और पारिवारिक पेंशन से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र लाभुक को अनावश्यक परेशानी न हो।

