HomeCrimeरांची में महिला को अश्लील वीडियो कॉल कर प्रताड़ित करने का आरोप,...

रांची में महिला को अश्लील वीडियो कॉल कर प्रताड़ित करने का आरोप, तीन के खिलाफ FIR; जांच में जुटी पुलिस

रांची: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में एक महिला को कथित तौर पर अश्लील वीडियो कॉल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता स्वास्थ्य मंत्री के पूर्व आवास में तैनात एक सुरक्षा गार्ड की पत्नी बताई जा रही है। महिला का आरोप है कि अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार अश्लील कॉल और वीडियो कॉल किए गए, जिनमें अभद्र बातें करने के साथ अश्लील हरकतें दिखाई गईं।

पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर रातू थाना पुलिस ने एक नामजद महिला समेत तीन मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घरेलू विवाद के बाद शुरू हुआ कॉल्स का सिलसिला

प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता रातू थाना क्षेत्र के सुंडिल बसाईर टोली (कमड़े) की रहने वाली है। उसके पति पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में रांची स्थित स्वास्थ्य मंत्री के पुराने आवास में सुरक्षा गार्ड के रूप में प्रतिनियुक्त हैं।

बताया गया है कि पीड़िता का एक महिला के साथ किसी घरेलू मामले को लेकर विवाद चल रहा था। मामले को सुलझाने के उद्देश्य से पीड़िता आरोपी महिला के गांव भी गई थी और उसकी सास से मिलकर बेटी को समझाने-बुझाने की बात कही थी।

पीड़िता का आरोप है कि इसके करीब तीन-चार दिन बाद उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से लगातार कॉल आने लगे। कॉल करने वाला व्यक्ति कथित तौर पर बेहद अभद्र और अश्लील बातें करता था। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।

विवाद के अगले दिन आया अश्लील वीडियो कॉल

शिकायत में महिला ने बताया कि 7 सितंबर को आरोपी महिला के साथ उसकी दोबारा कहासुनी हुई थी। इसके अगले ही दिन 8 सितंबर को एक दूसरे अज्ञात नंबर से उसके मोबाइल पर वीडियो कॉल आया।

पीड़िता के अनुसार, कॉल रिसीव करने पर सामने मौजूद व्यक्ति ने कैमरे के सामने नग्न होकर अश्लील हरकतें कीं। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गई और मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई।

पुरानी रंजिश के कारण साजिश का आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आशंका जताई है कि पुरानी रंजिश के कारण नामजद आरोपी महिला ने साजिश के तहत अलग-अलग मोबाइल नंबरों से इस तरह के कॉल करवाए हैं। उसका आरोप है कि उसे बदनाम करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के उद्देश्य से लगातार परेशान किया जा रहा था।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अब पुलिस कॉल डिटेल, संबंधित मोबाइल नंबरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अश्लील कॉल करने वाले लोगों की पहचान क्या है और इस पूरे मामले के पीछे किसकी भूमिका है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments