रांची: झारखंड में युवाओं और भावी मतदाताओं को लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष पहल शुरू की है। इसके तहत राज्य के विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में निबंध, प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, स्वच्छ मतदाता सूची और मतदान के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य में संस्थान, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं 2 से 20 नवंबर 2026 तक तीन चरणों में होंगी, जबकि राज्य स्तर पर ‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
5 नवंबर को ECINET ऐप डाउनलोड करने का विशेष अभियान
राज्य के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से 5 नवंबर को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को ECINET ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी ऐप के प्रति जागरूकता फैलाने का अभियान चलाया जाएगा।
‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता में कौन ले सकता है भाग?
राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में झारखंड के शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले कक्षा 9वीं-10वीं, कक्षा 11वीं-12वीं तथा महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। प्रतिभागी हिंदी या अंग्रेजी में भाषण दे सकते हैं।
प्रतियोगिता के लिए निर्धारित विषय:
- शुद्ध मतदाता सूची से मजबूत लोकतंत्र।
- लोकतंत्र क्या है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका।
- मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण आवश्यक क्यों?
प्रतिभागियों को चयनित विषय पर 1 से 5 मिनट का भाषण वीडियो रिकॉर्ड करना होगा। वीडियो पोर्ट्रेट फॉर्मेट (9:16) में होना चाहिए। इसके साथ भाषण की लिखित स्क्रिप्ट भी हिंदी या अंग्रेजी में जमा करनी होगी।
वीडियो जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रतिभागी निर्धारित Google Form के माध्यम से वीडियो का लिंक और लिखित स्क्रिप्ट अपलोड कर सकते हैं।
प्रतियोगिता में हिंदी और अंग्रेजी भाषा श्रेणियों के लिए अलग-अलग पुरस्कार दिए जाएंगे।
- प्रथम पुरस्कार: ₹10,000, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र
- द्वितीय पुरस्कार: ₹5,000, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र
- तृतीय पुरस्कार: ₹3,000, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र
प्रतियोगिता में मौलिक अभिव्यक्ति और प्रस्तुति को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रतिभागी की वास्तविक आवाज और प्रस्तुति अनिवार्य होगी। AI से निर्मित दृश्य एवं ऑडियो सामग्री का उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निबंध प्रतियोगिता के लिए दो विषय निर्धारित
निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय पर लेख लिखना होगा।
- विद्यालय स्तर: 500 से 800 शब्द
- महाविद्यालय स्तर: 800 से 1200 शब्द
निबंध हिंदी या अंग्रेजी भाषा में लिखे जा सकते हैं।
प्रश्नोत्तरी में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवाल
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची निर्माण, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रतियोगिता का आयोजन संस्थान, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र और जिला स्तर पर किया जाएगा।
तीन चरणों में होगा प्रतियोगिताओं का आयोजन
निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के लिए तीन चरण निर्धारित किए गए हैं।
पहला चरण: 2 से 7 नवंबर तक संस्थान स्तर पर ELC के माध्यम से प्रतियोगिता होगी। प्रत्येक प्रतियोगिता से दो प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
दूसरा चरण: 10 से 13 नवंबर तक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित होगी। यहां से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 10 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
तीसरा चरण: 16 से 18 नवंबर तक जिला स्तर पर फाइनल प्रतियोगिता होगी। इसमें प्रत्येक प्रतियोगिता के शीर्ष 10 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया जाएगा।
युवाओं की भागीदारी से मजबूत होगा लोकतंत्र
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और ELC समन्वयकों को प्रतियोगिताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय लोकतांत्रिक भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। युवाओं की सहभागिता से स्वच्छ एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची के निर्माण और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

