सिमडेगा-: नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 900 लोगों से 5 से 6 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले का सिमडेगा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के कथित सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने प्रेस वार्ता में बताया कि बानो और कुरडेगा थाना क्षेत्र में वीएसके फाउंडेशन के नाम पर लोगों को नौकरी देने का झांसा देकर उनसे सिक्योरिटी मनी वसूली जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद दोनों थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई और मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अलग-अलग पदों पर नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से 40 हजार रुपये से लेकर 3 लाख रुपये तक लिए जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में करीब 900 लोगों से रकम लिए जाने की बात सामने आई है। अब पुलिस पीड़ितों की रकम वापस दिलाने की दिशा में भी कार्रवाई कर रही है। इसके लिए आरोपियों की संपत्तियों को अटैच करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक साय, ओम प्रकाश, एनिस केरकेट्टा, सरोज केरकेट्टा, गौरती केरकेट्टा और कुन्दन शर्मा के रूप में हुई है।
एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि संस्था से जुड़े तीसरे और चौथे लेवल के कर्मियों की भूमिका फिलहाल सीधे तौर पर दोषी के रूप में सामने नहीं आई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे कर्मियों को लेकर किसी तरह का पैनिक न करें।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका, पैसों के लेन-देन और पीड़ितों की रकम की बरामदगी को लेकर आगे की जांच कर रही है।

