चतरा: सदर थाना क्षेत्र के किशुनपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लखन मिस्त्री के घर के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े ट्रक में एक बोलेनो कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, किशुनपुर निवासी सरयू राणा के पुत्र बसंत राणा अपने तीन दोस्तों के साथ बोलेनो कार से बधार की ओर से लौट रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसंत राणा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में उपेन्द्र राणा, रामदेव राणा और गुड्डू राणा गंभीर रूप से घायल हुए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और सड़क किनारे खड़े ट्रक को लेकर भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
हादसे के बाद किशुनपुर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई है।

