धनबाद: झारखंड के धनबाद शहर में एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर लोगों के साथ ठगी करने वाले बिहार के दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बिहार के नवादा जिले के लखमोहना निवासी नितीश कुमार और नवादा के न्यू एरिया निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है। दोनों पर एटीएम कार्ड फंसने का फायदा उठाकर कार्डधारकों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप है। इस मामले में धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
एटीएम में कार्ड फंसने पर बनाते थे शिकार
पुलिस के अनुसार, आरोपी एटीएम मशीन में कार्ड फंसने की स्थिति का फायदा उठाते थे। वे कार्डधारकों को मदद करने के बहाने अपने जाल में फंसाते और उनका गुप्त पिन देख लेते थे। इसके बाद गलत हेल्पलाइन नंबर देकर उन्हें भ्रमित करते थे। इसी दौरान एटीएम कार्ड लेकर फरार हो जाते थे और खाते से पैसे निकालने के साथ कार्ड का इस्तेमाल कर खरीदारी भी करते थे।
27 अक्टूबर को लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़ा
जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर की शाम धनबाद के सीटी सेंटर के पास एटीएम से ठगी करने के आरोप में दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। इसकी सूचना मिलने पर धनबाद थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पूछताछ और शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।
एटीएम में फंसा कार्ड, फिर खाते से कट गए 15 हजार रुपये
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। पीछे खड़े एक युवक ने मदद करने के बहाने उन्हें पिन डालने को कहा और उनका गुप्त पिन देख लिया।
इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता को एक हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी। आरोप है कि इसी बहाने शिकायतकर्ता को पेट्रोल पंप के पास भेज दिया गया और उसका एटीएम कार्ड लेकर आरोपी फरार हो गए।
कुछ देर बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल पर खाते से 15 हजार रुपये कटने का संदेश आया। इसके बाद रानी सती ज्वेलर्स से 32,800 रुपये और बाटा इंडिया की दुकान से 2,000 रुपये की खरीदारी होने के मैसेज भी मिले।
ज्वेलरी और चप्पल की दुकान से की खरीदारी
खाते से पैसे कटने और खरीदारी के मैसेज मिलने के बाद शिकायतकर्ता अपने परिचितों के साथ संबंधित दुकानों पर पहुंचे। इसी दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर ज्वेलरी और चप्पल की खरीदारी की थी। जांच के दौरान आरोपियों के पास से बाटा कंपनी की तीन जोड़ी चप्पल बरामद की गई हैं।
बिहार और झारखंड के कई शहरों में ठगी की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बिहार और झारखंड के विभिन्न शहरों में इसी तरीके से ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने अन्य किन स्थानों पर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।
पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी नितीश कुमार के खिलाफ देवघर साइबर क्राइम थाना में वर्ष 2023 का एक मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
सिटी एसपी ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी
धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता में गिरफ्तारी और ठगी के तरीके से संबंधित जानकारी दी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें। किसी अनजान व्यक्ति को अपना एटीएम पिन न बताएं और मशीन में कार्ड फंसने पर किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से बताए गए हेल्पलाइन नंबर पर भरोसा करने के बजाय संबंधित बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन से संपर्क करें।
धनबाद में हुई इस घटना ने एक बार फिर एटीएम इस्तेमाल के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत को उजागर किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

