रांची:-भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) झारखंड राज्य परिषद ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ 1 सितंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘बदलाव जरूरी है’ रैली को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने महंगाई, बेरोजगारी, चारों लेबर कोड और MMDR कानून के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है।
रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में CPI झारखंड के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक, दलित अधिकार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसान सभा के संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत, एटक के महासचिव अशोक यादव और ईसहाक अंसारी ने संयुक्त रूप से रैली की जानकारी दी।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है। नेताओं के मुताबिक, चारों लेबर कोड लागू कर मजदूरों के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है, जबकि MMDR कानून में संशोधन के जरिए देश की खनिज संपदा को कॉरपोरेट हितों के हवाले किया जा रहा है। CPI ने ‘भाजपा हटाओ, देश बचाओ’ का नारा देते हुए आंदोलन को तेज करने की बात कही।
CPI की प्रमुख मांगें
पार्टी ने 13 सूत्रीय जनमांगों को रैली का प्रमुख मुद्दा बनाया है। इनमें महंगाई पर रोक लगाने, रसोई के सामानों की कीमतें कम करने, पेपर लीक पर रोक लगाने और JPSC 2024 को रद्द कर 14वीं एवं छठी परीक्षा एक साथ आयोजित कराने की मांग शामिल है।
इसके अलावा चारों लेबर कोड रद्द कर न्यूनतम मजदूरी 26 हजार रुपये प्रतिमाह करने, MMDR कानून वापस लेने, जल-जंगल-जमीन की लूट रोकने और झारखंड को पांचवीं अनुसूची का पूर्ण अधिकार देने की मांग की गई है।
CPI ने ग्राम सभाओं को अधिकार देने, CNT-SPT कानूनों की रक्षा, भूमि बैंक रद्द करने, गैर-मजरुआ जमीन की रसीद शुरू करने, शिक्षित बेरोजगार युवाओं को 10 हजार रुपये प्रतिमाह प्रतीक्षा भत्ता देने तथा महिला समूहों, छात्रों और किसानों का कर्ज माफ करने की मांग भी उठाई है।
पार्टी की अन्य मांगों में 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी किसानों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह गुजारा भत्ता, मनरेगा में 300 दिनों का काम, मजदूरी में छेड़छाड़ बंद करने और विस्थापन एवं पुनर्वास की ठोस नीति लागू करने की मांग शामिल है।
CPI झारखंड राज्य परिषद ने कहा कि ये मांगें किसान, मजदूर, युवा, छात्र, महिला और आम जनता के अधिकारों से जुड़ी हैं। पार्टी ने लोगों से 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचकर ‘बदलाव जरूरी है’ रैली को सफल बनाने की अपील की है।


