रांची: राजधानी रांची में एक 15 वर्षीय नाबालिग घरेलू सहायिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। डंगरा टोली चौक के पास स्थित शैल विला में डोरंडा कॉलेज के प्रोफेसर एनपी लकड़ा के आवास से नाबालिग का शव बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतका लातेहार की रहने वाली थी और प्रोफेसर एनपी लकड़ा के आवास पर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। उसका शव घर के कमरे की बालकनी के पास संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद लोअर बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। वहीं, सिटी डीएसपी केवी रमन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पुलिस मृतका के मोबाइल फोन की भी जांच करेगी, ताकि उसकी मौत से पहले की गतिविधियों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही नाबालिग के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

