गिरिडीह: गिरिडीह जिले के पीरटांड़ स्थित शहरपुरा में बुधवार को दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा अपनी बेटियों के साथ पहुंचीं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। श्वेता शर्मा ने बेटियों के साथ शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
पीरटांड़ पहुंचने पर श्वेता शर्मा और उनकी बेटियों ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों और दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के अधूरे सपनों को लेकर चर्चा हुई। श्वेता शर्मा ने कहा कि पीरटांड़ से उनके पति का गहरा जुड़ाव था। वह अक्सर यहां के लोगों के स्नेह और क्षेत्र की वीर परंपरा का जिक्र किया करते थे।
पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने की अपील
इस दौरान दिवंगत मंत्री की बेटी सृष्टि ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि वे अक्सर कहते थे, ”मेरी जान पीरटांड़ में बसती है।” उन्होंने स्थानीय लोगों से अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक रहा। स्थानीय लोगों ने दिवंगत मंत्री को याद करते हुए उनके योगदान और पीरटांड़ के प्रति उनके जुड़ाव का उल्लेख किया। श्वेता शर्मा और उनकी बेटियों की इस यात्रा के दौरान लोगों ने उनसे मुलाकात कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।


