जमशेदपुर: साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए शहर के दो लोगों को अपना शिकार बनाया है। गोविंदपुर और घाटशिला इलाके में अलग-अलग मामलों में शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने और पेंशन कार्ड अपडेट कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने कुल 7.43 लाख रुपये की ठगी कर ली। दोनों पीड़ितों की शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर शेयर ट्रेडिंग का झांसा
गोविंदपुर इलाके में एक व्यक्ति को साइबर अपराधियों ने व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा। ग्रुप के जरिए ठगों ने शेयर बाजार में निवेश करने पर कम समय में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया। उनके झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 4 लाख रुपये जमा कर दिए।
जब पीड़ित ने निवेश की गई रकम और कथित मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने दोबारा पैसे जमा करने को कहा। लगातार पैसों की मांग होने पर पीड़ित को संदेह हुआ और उसे अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता चला।
पेंशन अपडेट के बहाने बुजुर्ग से 3.43 लाख की ठगी
दूसरी घटना घाटशिला के गोपालपुर क्षेत्र की बताई जा रही है। यहां साइबर अपराधियों ने एक बुजुर्ग को फोन कर खुद को बैंक या सरकारी विभाग का अधिकारी बताया। ठगों ने पेंशन कार्ड अपडेट करने और पेंशन से जुड़ी समस्या दूर करने का झांसा दिया।
बातचीत के दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग से बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी और ओटीपी हासिल कर लिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से 3.43 लाख रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम गायब होने के बाद बुजुर्ग को ठगी का पता चला।
साइबर थाना पुलिस कर रही जांच
दोनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और लेनदेन से जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक डिटेल, एटीएम या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर मिलने वाले शेयर ट्रेडिंग के आकर्षक ऑफर पर निवेश करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच कर लें।


