HomeJharkhandरामगढ़ को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात, 110.94 करोड़ रुपये की 187...

रामगढ़ को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात, 110.94 करोड़ रुपये की 187 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले को विकास की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 110 करोड़ 94 लाख 51 हजार 585 रुपये की लागत वाली 187 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इन योजनाओं के जरिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद, पेयजल और स्थानीय आजीविका से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में पहल की गई है।

यह कार्यक्रम शुक्रवार को नेमरा के लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया।

150 योजनाओं का शिलान्यास, 37 का उद्घाटन

जिले में जिन 187 योजनाओं पर काम शुरू किया गया या जिनका उद्घाटन हुआ, उनमें 150 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनकी कुल लागत 77 करोड़ 43 लाख 86 हजार 812 रुपये है। वहीं, 33 करोड़ 50 लाख 64 हजार 773 रुपये की लागत वाली 37 योजनाओं का उद्घाटन किया गया।

गोला में बनेगा वेंडर मार्केट, दुलमी में नदी पर पुल

शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में गोला प्रखंड की वेंडर मार्केट विकास योजना फेज-दो शामिल है। इस पर करीब 4 करोड़ 99 लाख 81 हजार 800 रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे स्थानीय दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

वहीं, दुलमी प्रखंड में सिकनी से कमता के बीच भेड़ा नदी पर 3 करोड़ 79 लाख 75 हजार रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कराया जाएगा। इससे आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

मांडू प्रखंड के एसएस हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण पर 1 करोड़ 52 लाख 32 हजार 700 रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा गोला प्रखंड की नावाडीह पंचायत में 99 लाख 89 हजार रुपये की लागत से नया पंचायत भवन बनाया जाएगा।

स्टेडियम और स्कूलों में भी बढ़ेंगी सुविधाएं

रामगढ़ प्रखंड के कुंदरू कला में 83 लाख 4 हजार 550 रुपये की लागत से प्रखंड स्तरीय स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न उच्च विद्यालयों में मल्टीस्पोर्ट्स कोर्ट, अतिरिक्त कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला और आईसीटी लैब विकसित की जाएंगी।

इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों, पेवर ब्लॉक सड़कों, नालियों और सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण से संबंधित योजनाएं भी शामिल हैं।

जिला नियंत्रण कक्ष और स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन

उद्घाटन की गई योजनाओं में 1 करोड़ 47 लाख 78 हजार 742 रुपये की लागत से बना रामगढ़ जिला नियंत्रण कक्ष प्रमुख है। इसके अलावा बरलंगा में 1 करोड़ 42 लाख 80 हजार 500 रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी उद्घाटन किया गया।

पतरातू शहीद चौक से पतरातू स्टेशन तक करीब 99 लाख 82 हजार 900 रुपये की लागत से बनी पीसीसी सड़क और निम्मी में 55 लाख 50 हजार रुपये की लागत से निर्मित स्वास्थ्य उपकेंद्र भी जनता को समर्पित किए गए।

भरेचनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 39 लाख 61 हजार 143 रुपये की लागत से बने ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का भी उद्घाटन किया गया।

50 लाख महिलाओं को मिल रही सम्मान राशि : हेमंत सोरेन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि मंईयां सम्मान योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गांव, दूरदराज के इलाकों और शहरी क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने राज्य के राजस्व अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि झारखंड अपने हक और अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगा।

कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments