चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में रामेश्वर प्रसाद ने लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई है। शुक्रवार को बार भवन में आयोजित चुनाव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। देर रात परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने अबीर-गुलाल लगाकर और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
अध्यक्ष पद के चुनाव में रामेश्वर प्रसाद को 139 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अंकुर कुमार चौधरी को 129 वोट प्राप्त हुए। वहीं, अशोक कुमार सिंहदेव को 34 वोट मिले। इस तरह रामेश्वर प्रसाद ने 10 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। लगातार तीसरी बार अध्यक्ष चुना जाना इस चुनाव का प्रमुख आकर्षण रहा।
महासचिव पद पर सत्यव्रत ज्योतिषी विजयी
महासचिव पद पर सत्यव्रत ज्योतिषी ने 157 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। अगस्तीन कुल्लू को 90, आशीष कुमार सिन्हा को 37 और केशव प्रसाद को 17 वोट मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर दुर्योधन गोप ने 203 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके मुकाबले विमल राय पांडेय को 47, बसंत केसरी को 33 और मंगल सिंह मेलगांडी को 19 वोट मिले।
उपाध्यक्ष पद पर कैशर परवेज को 90 वोट प्राप्त हुए। संयुक्त सचिव (प्रशासन) पद पर राकेश पांडेय ने 79 वोटों के साथ जीत दर्ज की, जबकि संयुक्त सचिव (लाइब्रेरी) पद पर विशाल कुमार शर्मा को 72 वोट मिले। सह कोषाध्यक्ष पद पर लक्ष्मी सिंकू ने 84 वोट हासिल किए।
महिला और पुरुष कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव परिणाम
महिला कार्यकारिणी सदस्य के चुनाव में मिली बिरुवा 217 वोटों के साथ सबसे आगे रहीं। मैगी देवगम को 192, सुप्रिया पान को 189, शिप्रा कुरली को 160, लक्ष्मी महतो को 158 और प्रीति कुमारी को 148 वोट मिले।
पुरुष कार्यकारिणी सदस्य के चुनाव में अनिल सुंडी को सर्वाधिक 194 वोट प्राप्त हुए। देवेंदु राय को 180, सुरेंद्र पुरती और भरत कुमार महतो को 163-163, शैलेंद्र कुमार पान को 141, बिश्वाल पान को 140, सच्चिदानंद ईचागुटू को 120 और शेखर चातार को 97 वोट मिले।
303 अधिवक्ताओं ने किया मतदान
चुनाव में मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह देखने को मिला। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 325 पंजीकृत मतदाताओं में से 303 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी जगदानंद प्रधान के अनुसार, 318 मतदाताओं के आधार पर मतदान प्रतिशत 95.28 रहा। हालांकि, मतदाता सूची की कुल संख्या को लेकर जारी आंकड़ों में अंतर सामने आया है।
मतदान सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ और दोपहर 2 बजे तक चला। इसके बाद शाम 4 बजे से मतगणना शुरू की गई, जिसके परिणाम देर रात घोषित हुए।
पर्यवेक्षकों की निगरानी में संपन्न हुआ चुनाव
चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए झारखंड स्टेट बार काउंसिल की ओर से अधिवक्ता परमेश्वर मंडल और मधु लता रानी को विशेष पर्यवेक्षक के रूप में चाईबासा भेजा गया था। दोनों पर्यवेक्षकों की निगरानी में मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बार भवन परिसर में पुलिस बल भी तैनात रहा।
चुनाव संचालन में सहायक निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता केशव दास और विनय कालूंडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को साथी अधिवक्ताओं और समर्थकों ने बधाई दी।

