HomeCrimeदेवघर में नशाखोरी और अड्डेबाजी पर पुलिस का शिकंजा, एसपी ने बाइक...

देवघर में नशाखोरी और अड्डेबाजी पर पुलिस का शिकंजा, एसपी ने बाइक से किया शहर का निरीक्षण

देवघर: शहर में नशाखोरी और अड्डेबाजी के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पर्यटक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर शराब, गांजा और ब्राउन शुगर का सेवन करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए एसपी प्रवीण पुष्कर खुद सड़क पर उतरे। उन्होंने बाइक से करीब डेढ़ से दो घंटे तक शहर का भ्रमण कर विभिन्न इलाकों की स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान एसपी ने बुद्धा पहाड़, नंदन पहाड़, जलसार तालाब के आसपास, बरमसिया, देवघर कॉलेज और देवघर स्टेशन रोड समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया। बुद्धा पहाड़ और नंदन पहाड़ के आसपास के सुनसान स्थानों के अलावा स्टेशन रोड पर कुछ युवाओं को शराब का सेवन करते पाया गया। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की।

पहली बार नशे का सेवन करते पकड़े गए युवाओं को एसपी ने चेतावनी देकर छोड़ दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोबारा इस तरह की गतिविधियों में पकड़े जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने नशाखोरी और अड्डेबाजी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले संभावित स्थानों की भी जानकारी जुटाई।

एसपी के इस अभियान में एसडीपीओ कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे। एसपी खुद बाइक चलाकर पुलिस टीम के साथ शहर के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। अचानक पुलिस टीम के पहुंचने से अड्डेबाजी करने वालों में हड़कंप देखा गया।

एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि नशे के कारण शहर में छिनतई, चोरी और झपटमारी जैसी घटनाएं हो रही हैं। वहीं, सार्वजनिक और पर्यटक स्थलों पर अड्डेबाजी कर नशा करने वालों के कारण आम लोगों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नशाखोरी और अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों को चिह्नित कर नियमित निगरानी और कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments