चतरा: चतरा में पासवान समाज महासम्मेलन सह शादी-विवाह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और संगठनात्मक विकास पर चर्चा हुई। सम्मेलन में चतरा विधायक जनार्दन पासवान मुख्य अतिथि और बोधगया विधायक सर्वजीत पासवान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों के अलावा दूसरे क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में समाज के लोग पहुंचे।
कार्यक्रम में अतिथियों का ढोल-नगाड़ों और पुष्पमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद वीर बाबा चौहरमल और राजा शैलेश के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर तथा पुष्पांजलि अर्पित कर सम्मेलन की शुरुआत की गई।
शिक्षा को बताया समाज की तरक्की का मूल मंत्र
सम्मेलन को संबोधित करते हुए चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि समाज की तरक्की की पहली सीढ़ी शिक्षा है। उन्होंने कहा कि पासवान समाज को सबसे पहले शिक्षा पर ध्यान देना होगा, तभी एक सभ्य और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। समाज को मुख्यधारा में आगे की पंक्ति में लाने के लिए शिक्षा को हर परिवार की प्राथमिकता बनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पहले पासवान समाज के हाथों में लाठी हुआ करती थी, लेकिन अब वही हाथ कलम थामेंगे। कलम की ताकत के जरिए समाज को उन्नति के रास्ते पर ले जाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने युवाओं और अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील
जनार्दन पासवान ने समाज के लोगों से अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों को छोड़कर नई सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब तक समाज शिक्षा के क्षेत्र में आगे नहीं बढ़ेगा, तब तक वास्तविक सामाजिक उन्नति संभव नहीं है। सम्मेलन में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी समाज को संगठित करने, युवाओं को शिक्षा से जोड़ने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस महासम्मेलन में जिला परिषद सदस्य सुरेश पासवान, बेचन पासवान, बलवीर पासवान, गोविंद राम पासवान, अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष राजेश पासवान और पूर्व अध्यक्ष गुंजा देवी समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान समाज के विकास, शिक्षा के प्रसार और आपसी एकजुटता को लेकर विचार साझा किए गए।


