HomeJharkhandरांची में आज से सजेगा जेसीआई एक्सपो-2026, 400 से अधिक स्टॉल होंगे...

रांची में आज से सजेगा जेसीआई एक्सपो-2026, 400 से अधिक स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र

रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आज, गुरुवार से सात दिवसीय जेसीआई एक्सपो-2026 का शुभारंभ होगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। इस बार एक्सपो में 400 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। ऑटो जोन, पिंक हैंगर, किड्स जोन और अंतरराष्ट्रीय उत्पादों के स्टॉल लोगों के लिए खास आकर्षण होंगे।

एक्सपो के संयोजक प्रशांत पटोदिया ने बताया कि इस बार मोरहाबादी मैदान में बड़े स्तर पर आयोजन की तैयारी की गई है। ऑटो जोन में विभिन्न ब्रांड की नई कारें प्रदर्शित की जाएंगी। वहीं, महिलाओं के लिए विशेष रूप से पिंक हैंगर बनाया गया है। बच्चों के मनोरंजन के लिए किड्स जोन में तीन नए इवेंट भी शामिल किए गए हैं।

विदेशी उत्पादों के भी लगेंगे स्टॉल

इस बार एक्सपो में दुबई, थाईलैंड, अफगानिस्तान और श्रीलंका के उत्पादों से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा फूड जोन में विभिन्न प्रकार के विशेष व्यंजनों का स्वाद लेने का मौका मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, एक्सपो में खरीदारी के साथ मनोरंजन की भी विशेष व्यवस्था की गई है। लोगों के मनोरंजन के लिए जाफनाम बैंड को भी आमंत्रित किया गया है।

सुरक्षा के लिए 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरे

एक्सपो में आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे परिसर में 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा अग्निशमन वाहन, आग बुझाने के उपकरण और 24 घंटे सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति के लिए महत्वपूर्ण मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

सुबह 10 से रात 9 बजे तक खुला रहेगा एक्सपो

आयोजकों के मुताबिक, एक्सपो प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। इसमें प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 30 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध होंगे। सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में शहरवासियों को खरीदारी, खानपान और मनोरंजन के कई विकल्प मिलेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments