जमशेदपुर: कथित 734 करोड़ रुपये के GST घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED ने स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों को बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे बिष्टुपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद ED की टीम दोनों को मेडिकल जांच के लिए MGM अस्पताल लेकर पहुंची। मेडिकल जांच के बाद दोनों को लेकर टीम रांची रवाना हो गई।
बताया गया कि कथित GST घोटाले के मामले में ED ने बुधवार सुबह जमशेदपुर और कोलकाता में एक साथ छापेमारी शुरू की थी। जमशेदपुर में बिष्टुपुर समेत तीन ठिकानों और कोलकाता में दो स्थानों पर कार्रवाई की गई। ये ठिकाने बबलू जायसवाल और उनके अकाउंटेंट से जुड़े बताए जा रहे हैं।
छापेमारी के दौरान ED की टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच कथित फर्जी बिलिंग, बोगस कंपनियों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हासिल करने और कथित अवैध वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं पर केंद्रित है।
ED की कार्रवाई देर रात तक जारी रही, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


