रांची:-“ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत RPF पोस्ट रांची की टीम ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए रेलवे कॉलोनी से एक लावारिस नवजात बच्ची को सुरक्षित बरामद किया। बच्ची को कंबल में लपेटकर लावारिस अवस्था में छोड़ दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6:10 बजे चाइल्डलाइन के पर्यवेक्षक ने मोबाइल फोन के जरिए RPF को सूचना दी कि अधिकारी रेलवे कॉलोनी, रांची में एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी है।
सूचना मिलते ही उप निरीक्षक हेमंत कुमार के नेतृत्व में RPF की नन्हे फरिश्ते टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम में LCT रीना यादव, LCT जिनिद टोपनो, आरक्षी नमन सुरिन, उप निरीक्षक सुशीला बाराइक और LC आशा टोप्पो शामिल थीं।
मौके पर टीम को एक नवजात बच्ची कंबल में लिपटी हुई मिली। आसपास बच्ची के माता-पिता या किसी अभिभावक का पता नहीं चला और न ही कोई व्यक्ति बच्ची पर दावा करने के लिए मौजूद था।
RPF टीम ने बच्ची की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे सुरक्षित रूप से RPF पोस्ट रांची पहुंचाया। इस दौरान CWC के कर्मचारी शंकर प्रजापति भी मौजूद रहे। घटना की सूचना एलपीएस, चुटिया को भी दी गई।
इसके बाद बाल कल्याण समिति (CWC) के सहयोग से नवजात बच्ची को आवश्यक चिकित्सीय उपचार और संरक्षण के लिए रानी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, मोराबादी, रांची में भर्ती कराया गया।
RPF की इस त्वरित कार्रवाई से नवजात बच्ची को समय पर चिकित्सा सुविधा और सुरक्षित संरक्षण मिल सका। मामले में बच्ची को लावारिस छोड़ने के कारणों और उसके परिजनों की पहचान को लेकर आगे की प्रक्रिया संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है।

